गुरुवार, 31 मार्च 2011

प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने 3 अप्रैल को कांकेर में कांग्रेस का धरना


1 अप्रैल को रायपुर में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में जिले के कांग्रेसी सम्मिलित होगे
कांकेर:- बस्तर संभाग में कानून का राज समाप्त हो गया है, और जंगलराज की स्थापना हो गई हैं। जिन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है वे ही आदिवासियों की हत्या कर उनके घरों को आग के हवाले कर रहे हैं। तालमेटला की घटना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। कोयलीबेड़ा के समस्त कार्यालय स्थानांतरित कर दिये गये हैं वहां सरकार नाम की चीज ही नही हैं। पूरे प्रदेश में आये दिन आपराधिक घटनाएं होने के कारण आम जनता का प्रदेश की सरकार से विश्वास उठ गया हैं। उक्त आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसे हालात हो गये हैं कि प्रदेश को बचाने एवं कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार को बर्खास्त करना अपरिहार्य हो गया हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था की असफलता एवं प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर राजधानी रायपुर में 1 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया हैं। इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए जिले के कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रायपुर जायेगें। प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार रमन सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर 3 अप्रैल रविवार को जिला मुख्यालय कांकेर के पुराने बस स्टैंड में दोपहर 12 बजे से एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन जायेगा। श्री तिवारी कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के पदाधिकारी, ब्लाक कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी, पूर्व सांसद, विधायक एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें