सोमवार, 31 जनवरी 2011

राज्य सरकार किसान विरोधी

गांधी जी के पुण्यतिथि पर रविवार को कांग्रेस ने नरहरदेव मैदान में किया किसान सत्याग्रह। बैलगाड़ी में रैली निकालकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से किसानो में हाहाकर मचा हुआ है। किसानों को समय पर खाद बीज नहीं मिल रहा। किसी तरह से किसान खून पसीना बहा फसल उगाता हैं तो उस फसल को खराब बताकर खरीदने से मना कर दिया जाता है। उक्त बाते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कांकेर में आयोजित किसान आंदोलन में प्रदेश की रमन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा। उन्होंने कहा कि दूसरों का पेट भरने वाले किसानों को सरकार सम्मान की जिंदगी तो जीने नहीं दे रही है उल्टे शोषण कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार किसानो की नहीं उद्योगपति पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है। बेमौसम बारिश से जो फसल खराब हुई है उसमें किसानों को मुआवजा मिलना चाहिए लेकिन मुख्यमंत्री खुद तो मुआवजा नहीं दे रहे हैं उल्टे केंद्र से मिलने वाली राहत को यह कहकर रोकवा दिए कि प्रदेश में महज ८ प्रतिशत धान ही खराब हुआ है। आंद्रप्रदेश में कांग्रेस सरकार किसानों को मुआवजा दे रही है तो उड़ीसा सरकार ने सात सौ करोड़ और मध्यप्रदेश सरकान ने प्रति हेक्टेयर ग्यारह हजार रुपए की राहत किसानो को दी है। प्रदेश की रमन सरकार को किसानों से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा ने मतदाताओं को लुभाने के लिए घोषणा पत्र में किसानों को मुफ्त बिजली देने वादा किया था लेकिन चुनाव जीतते ही सरकार मुकर गई और अब तो किसानों के खेतों में मीटर लगवा रही है। केंद्र से १३ हजार करोड़ रुपए प्रदेश के विकास के लिए मिले हैं लेकिन यह राशि आम लोगों तक पहुंचने से पूर्व ही भाजपा नेता अपनी जेब गरम कर रहे हैं। रावघाट में पुलिस ने ग्रामीण सनरउराम को पहले फर्जी मुठभेड़ मेंं मार दिया और अपनी गलती छुपाने के लिए उसके परिवार वालों को नक्सली बताकर जेल में बंद कर दिया है। प्रदेश के कुछ शराब दुकानों को बंद करवा कर गांव-गांव में पुलिस के निगरानी में शराब बिक्री करवाया जा रहा है। किसानों के हित की लड़ाई की चिंगारी कांकेर में लगी है यह आग प्रदेश के हर जिले में फैलेगी।

शिक्षाकर्मी बनें ठेकेदार
सभा को संबोधित करते कोंटा विधायक कवासी लखमा ने रमन सरकार पर आरोपों की झड़ी लगाते कहा कि बस्तर के स्कूलों में बिलासपुर, रायपुर दुर्ग के शिक्षाकर्मी पढ़ाई नहीं करवाते बल्कि वे ठेकेदारी कर रहे हैं। सरकार ने उन्हें भवन बनाने की काम सौंप दिया है।
बच्चों की पढ़ाई का क्या होता होगा इसका अनुमान लगाया जा सकता है। रमन सरकार आम जनता से हमेशा झूठ बोलती हैं जबकि केंद्र सरकार प्रदेश के विकास के लिए हमेशा राशी देती है जिसका बंदरबाट भाजपा नेता करते हैं। सभा को पूर्व मंत्री गंगा पोटाई, पूर्व विधायक श्यामा धु्रवा, फूलो नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश तिवारी ने भी संबोधित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें