सोमवार, 10 जनवरी 2011

बड़े राईस मिलर्स के इशारे पर जिले में हो रही धान खरीदी : कांग्रेस

कांकेर :- कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन के द्वारा बड़े राईस मिलर्स के इशारे पर धान खरीदी का कार्य किया जा रहा हैं। धान खरीदी केन्द्रों में उन्ही धान को खरीदा जा रहा हैं जिसे राईस मिलर्स पास कर रहे हैं, इस कार्य में धान खरीदी से जुड़े अधिकारी राईस मिलर्स को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। यही कारण है कि खरीदी केन्द्रों से धान का ऊठाव नही हो पा रहा हैं जिससे धान का भंडार खरीदी केन्द्रों में लगता जा रहा हैं। किसान खरीदी केन्द्र तक अपना धान ना सके इसके लिए प्रदेश सरकार के द्वारा सहकारी समितियों को बारदाना उपलब्ध कराने से मना कर दिया हैं, जिन किसानों के पास बारदाने नही है वे अपने धान को बेचने खरीदी केन्द्र तक नही ला पा रहे हैं। इस कारण भी किसानों के धान की खरीदी नही हो पा रही हैं। 
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक दल जिसमें पूर्व मंत्री श्रीमती गंगा पोटाई, नगर पालिका के उपाध्यक्ष मनोज जैन, पूर्व उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ठाकुर, गिरवर साहू, राजेश शर्मा, यासीन कराणी, सुरेश सोनी, जितेन्द्र मोटवानी, नन्दकिशोर राठी, शामिल थे कांकेर, बारदेवरी एवं कोदागांव के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। कांग्रेस दल ने खरीदी केन्द्रों के निरीक्षक  के बाद आरोप लगाया है कि धान खरीदी केन्द्रों में अनियमितता बरती जा रही हैं। जिसके कारण अच्छे किस्म के धान की भी खरीदी नही की जा रही हैं। इसके लिए लेम्पस समिति डीएमओ के ऊपर एवं डीएमओं के द्वारा लेम्स समिति के ऊपर धान नही खरीदने का आरोप लगाया जा रहा हैं। इनके विवाद के कारण देवरी लेम्पस के अन्तर्गत आने वाले खरीदी केन्द्र बार देवरी, कोदागांव, तालाकुर्रा, पोटगांव आदि गांवों में खरीदी का कार्य बंद हो गया हैं। इन गांवों के किसान जिला प्रशासन के पास आकर अपनी परेशानी बता चुके हैं। किसान कड़ाके की पड़ रही इस ठण्ड में भी धान खरीदी केन्द्रों में कई कई दिनों से अपने धान को लेकर बैठे है किन्तु उनकी बातों को सुनने वाला कोई नही हैं और ना ही उनके धान का तौल हो रहा हैं। 
इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश तिवारी बताया कि हमारे द्वारा कलेक्टर एवं जिला विपणन अधिकारी से किसानों की समस्या को लेकर चर्चा की हैं। कलेक्टर ने सोमवार तक पुन: धान खरीदी प्रारंभ करने का आश्वासन दिया हैं। श्री तिवारी ने कहा पूरे जिले के किसान परेशान है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा लगातार प्रदेश सरकार का ध्यान किसानों की समस्या की ओर दिलाया जा रहा हैं बावजूद इसके रमन सरकार कुंभकर्णी नींद में हैं। जिला कांग्रेस के द्वारा पूरे जिले के धान खरीदी केन्द्रों में प्रदर्शन करेगी एवं किसानों में जन जागरण पैदा करके जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में विशाल उग्र आन्दोलन करेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें