शनिवार, 10 मार्च 2012

महिला दिवस पर लांयस क्लब ने महिलाओं का किया सम्मान


नारी अपनी शक्ति को पहचान ऊंचा मुकाम हासिल करे: श्रीमती शर्मा
कांकेर :- अन्र्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लायंस क्लब कांकेर ग्रीन सिटी के द्वारा महिलाओं की विचार गोष्ठी का आयोजन कर कन्या भ्रूण हत्या, महिला सशक्तीकरण, महिला उत्थान एवं राजनैतिक रूप से शक्तिशाली बनने आदि विषयों पर चर्चा की गई तथा ज्योतिष के क्षेत्र में ऊंचा मुकाम हासिल करने वाली श्रीमती गीता शर्मा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धी के लिए डा. श्रीमती सरला आतराम का शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए श्रीमती गीता शर्मा ने कहा कि नारी में देवी का नवरूप होता हैं, नारी अपनी शक्ति को पहचान कर काम करे तो समाज में ऊंचा स्थान हासिल कर सकती है। श्रीमती शर्मा ने वेद पुराणों के अनेक उदाहरणों के माध्यम से नारी शक्ति का उल्लेख किया तथा अपने शुरूवाती दिनों में ज्योतिष के कार्यों में आई बाधा के बारे में जानकारी देकर उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित किया। डा. सरला आतराम ने कहा कि आज लैंगिग अनुपात में काफी असमानता आती जा रही हैं जोकि भविष्य के लिए घातक है। महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या का विरोध करना चाहिए तथा महिलाएं अपनी काबिलियत एवं आत्मबल से हर क्षेत्र में सशक्त हस्ताक्षर बने। लायंस क्लब के अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि अगर महिलाएं संगठित होकर महिला आरक्षण के लिए अपने अपने घर में चूल्हा चक्की बंद कर आन्दोलन प्रारंभ कर दे तो प्रत्येक दल के नेताओं को मजबूर होकर महिला आरक्षण बिल पास करना पडेगा। गोष्ठी को श्रीमती उर्मिला शुक्ला, श्रीमती रानी शर्मा, श्रीमती सुनीता तिवारी, पद्मा चंद्राकर, आशा खटवानी, स्वर्णलता सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन लायन कल्पना जायसवाल ने व आभार प्रदर्शन लायन शशि चौहान ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लायंस क्लब के अध्यक्ष राजेश तिवारी, लायन अशोक शुक्ला, उपाध्यक्ष लायन उर्मिला शुक्ला, कल्पना जायसवाल, सह सचिव डा. शशि चौहान, सह कोषाध्यक्ष स्वर्णलता सिंह, टेल ट्वीस्टर लायन आशा खटवानी, लायन सुनीता तिवारी, श्रीमती गायत्री शर्मा, श्रीमती सरोज राव, पद्मा चंद्राकर, सरोजनी पांडे आदि महिलाएं उपस्थित थीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें